Home >> weather News >> आज से ठंड से राहत मिलेगी लेकिन जनवरी के आखिर में वापसी करेगी

आज से ठंड से राहत मिलेगी लेकिन जनवरी के आखिर में वापसी करेगी

Receiver News Team
team@receivernews.com
Thursday, January 19, 2023, 12:18 PM
mp weather

भोपाल : मध्यप्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड से आज से राहत मिल सकती है। 22 जनवरी से दूसरा वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। ऐसे में भोपाल समेत आधे मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। भोपाल, ग्वालियर-चंबल संभाग में बारिश की संभावना है। बादल छंटते ही जनवरी के अंतिम सप्ताह में ठंड की वापसी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि उत्तरी-पूर्वी राजस्थान के ऊपर सिस्टम बन रहा है। 22 और 23 जनवरी को बारिश हो सकती है। बादल छंटते ही 26 जनवरी से तापमान में गिरावट आएगी। पश्चिमी मध्यप्रदेश में ज्यादा ठंड पड़ेगी, पूर्वी मध्यप्रदेश में इसका इतना असर नहीं होगा।

फिलहाल मध्यप्रदेश में ग्वालियर-चंबल संभाग ठंडा बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम तापमान नौगांव में रिकॉर्ड हुआ। यहां बुधवार रात पारा 2 डिग्री पहुंच गया। खजुराहो दूसरा, दतिया तीसरा और ग्वालियर चौथा सबसे ठंडा शहर रहा।

यहां की रातें खूब ठंडी

नौगांव 2.0 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
खजुराहो 2.6
दतिया 3.0
ग्वालियर 3.4

भोपाल में 4 साल बाद लगातार 5 दिन से रात का पारा 7 डिग्री

राजधानी में इस बार जनवरी में रिकॉर्ड ठंड पड़ रही है। लगातार 5 दिन से न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। जनवरी के 18 दिन में ऐसा दूसरी बार है, जब रात का पारा एक ही जगह अटक गया है। इससे पहले जनवरी के पहले सप्ताह में 4 से लेकर 7 जनवरी तक यह 7 डिग्री पर रहा था। 2019 में भी ऐसा ही संयोग बना था। तब 7 जनवरी से 10 जनवरी (लगातार 4 दिन) तक रात का पारा 7 डिग्री के आसपास रहा था। 2007 में 6 से 9 जनवरी तक भी लगातार चार दिन पारा 10 डिग्री पर अटका था। बीते 17 साल में पहली बार ऐसा हुआ है, जब 18 दिन में दूसरी बार रात का तापमान स्थिर रहा है।

महानगरों में न्यूनतम तापमान

ग्वालियर 3.4 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
भोपाल 7.0
जबलपुर 7.0
इंदौर 9.4

इंदौर में अधिकतम तापमान बढ़ रहा, लेकिन हवा चलने से ठिठुरन

अधिकतम तापमान में इजाफा हो रहा है। मंगलवार को पारा 22.5 डिग्री था, जो बढ़कर बुधवार को 23.2 डिग्री दर्ज हुआ, लेकिन सुबह हवा चलने से ठिठुरन महसूस हो रही है। मंगलवार रात का तापमान चौथी रात भी 9 डिग्री से कम रहा। यह 8.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। बुधवार सुबह 11 बजे तक हवा में काफी ठंडापन था। बगैर गर्म कपड़े पहने, टोपी लगाए दो पहिया चलाना मुश्किल था। दोपहर 12 से 2 बजे के बीच धूप होने से कुछ राहत मिली, लेकिन तीन बजे बाद से हवा ने जोर पकड़ लिया। उत्तर से आ रही हवा बर्फ जैसी लग रही थी। हवा की गति भी 13 किमी प्रति घंटा थी। शुक्रवार से रात के तापमान में इजाफा हो सकता है।

यहां तापमान 10 डिग्री या इससे ऊपर

नरसिंहपुर, सिवनी, खंडवा 11.0 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
नर्मदापुरम 10.2
बैतूल 10

ग्वालियर में 4 साल के बाद जनवरी सबसे सर्द

ग्वालियर में जनवरी में सर्दी ने चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार को पारा 2.3 डिग्री रहा। इससे पहले 2019 में जनवरी में पारा 2.4 डिग्री तक पहुंच गया था। अंचल के भिंड, दतिया, ग्वालियर, मुरैना और श्योपुर शीतलहर की चपेट में हैं। अगले दो दिन और शीतलहर के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 जनवरी से अंचल में बादल छाएंगे। 22 से 24 के बीच बूंदाबांदी हो सकती है। 25 जनवरी से कोहरा छाना शुरू हो जाएगा।

 

Tags :