Home >> weather News >> देशभर में 46 फ्लाइट्स डिले हुईं

देशभर में 46 फ्लाइट्स डिले हुईं

Receiver News Team
team@receivernews.com
Saturday, January 7, 2023, 01:59 PM
weather

नई दिल्ली :देशभर में शीतलहर जारी है। माइनस तापमान वाले पहाड़ी इलाकों को छोड़कर देश के कई शहरों में पिछले 24 घंटों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। दिल्ली में शिमला, मसूरी से भी ज्यादा ठंड रही। यहां का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शिमला में 3 और मसूरी में 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा राजस्थान के चुरू में 4 डिग्री सेल्सियस, कानुपर में 4 डिग्री सेल्सियस, जम्मू में 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

 7 जनवरी को यानी आज दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ने वाली 34 फ्लाइट्स डिले हुईं। इसके अलावा देश के अन्य इलाकों से 12 फ्लाइट्स के समय में देरी हुई।

अब आगे क्या होगा?
IMD के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर देखने को मिलेगा। जम्मू, हिमाचल और उत्तराखंड में आज बर्फबारी और हल्की बारिश हो सकती है। 10 जनवरी को हिमालय में सबसे ज्यादा बर्फबारी होने की संभावना है। 13 जनवरी तक UP और राजस्थान में अच्छी बारिश हो सकती है। इसी वजह से 14 जनवरी से राज्य के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज होगी। सर्द हवाओं के आने से सर्दी और बढ़ जाएगी।

अब देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल जानिए ...

राजस्थान : 11 शहरों में 10 डिग्री गिरा दिन का तापमान

राजस्थान के 11 शहरों में घने कोहरे और कोल्ड-वेव की वजह से दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। पिछले एक सप्ताह से राजस्थान में कोल्ड-डे की स्थिति बनी है। शुक्रवार को हनुमानगढ़, गंगानगर में अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.9 सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 15 जनवरी के बाद पारा और गिरेगा।

UP में पारा 1°C पहुंचा, मथुरा-कानपुर-अयोध्या सबसे ठंडा

UP में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार-शनिवार की रात मथुरा के फरह में पारा 1°C रिकॉर्ड किया गया। कानपुर और अयोध्या में भी पारा 2°C रिकॉर्ड किया गया। कानपुर में शुक्रवार को सिर्फ दो हॉस्पिटल में हार्ट और ब्रेन अटैक से 20 लोगों की मौत हुई है। आज लखनऊ के आलमबाग, पारा, आशियाना में तड़के घना कोहरा रहा।

मध्य प्रदेश: देश के 10 सबसे सर्द रात वाले शहरों में राज्य के 4 शहर

भोपाल में जनवरी के पहले हफ्ते के दिन पिछले 17 सालों में सबसे ठंडे रहे हैं। यहांअधिकतम तापमान 19.6 डिग्री रहा। इसके पहले 2011 में दिन का औसत तापमान 20.2 डिग्री रहा था। शुक्रवार को रात के तापमान के लिहाज से देखा जाए तो छतरपुर का नौगांव 0.2 डिग्री तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा।

दिल्ली: शिमला, मसूरी से भी नीचे गिरा पारा

दिल्ली में न्यूनतम तापमान शिमला, मसूरी, नैनीताल से भी नीचे पहुंच चुका है। 6 जनवरी को आयानगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 3. 3 और सफदरजंग में 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शिमला में 3.7, मसूरी में 4.4 और नैनीताल में 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

बिहार: 30 जिलों में कोल्ड डे, 10 में सीवियर कोल्ड डे

बिहार के 30 जिलों में कोल्ड डे है।,जबकि, पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सुपौल, शेखपुरा, फारबिसगंज, बांका सहित 10 जिलों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति रही है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक नीचे रहा।मौसम विभाग के मुताबिक, 2-3 दिनों तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। उसके बाद दिन के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

जानें कोल्ड और सीवियर कोल्‍ड डे क्या है...
जब न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम और अध‍िकतम तापमान सामान्‍य के मुकाबले 4.5 डिग्री कम होता है तो इसे कोल्‍ड-डे कहते हैं। वहीं, जब न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम, लेकिन अध‍िकतम तापमान सामान्‍य के मुकाबले 6.4 डिग्री से कम होता है तो इसे सीवियर कोल्‍ड डे कहते हैं।

जम्मू-कश्मीर: जोजिला पास -20 डिग्री सेल्सियस में पहली बार 6 जनवरी तक खुला रहा

भारत-चीन गतिरोध के बीच श्रीनगर-लेह राजमार्ग का जोजिला पास शुक्रवार यानी 6 जनवरी तक खुला रहा। इसके पहले 3 जनवरी तक खुला रहता था। अब इसे अप्रैल-मई में खोला जाएगा, क्योंकि बर्फबारी का दौर तेज होने का अंदेशा है। BRO ने -20 डिग्री सेल्सियस में 11,643 फीट की ऊंचाई पर 4 अत्याधुनिक स्नो कटर और 20 से अधिक उन्नत उपकरण से लोगों के लिए आवाजाही रखी। यह एकमात्र राजमार्ग है जो कश्मीर को लद्दाख से जोड़ता है, इसलिए सैन्य दृष्टि से भी बेहद अहम है।

हिमाचल: आज बारिश-बर्फबारी होने के आसार

हिमाचल मौसम में बदलाव के लिए तैयार है, क्योंकि प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आज से बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। ऐसे में हिमाचल में आज से अगले 4 दिन तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पूरी तरह से एक्टिव है। इसकी सक्रियता के कारण हिमाचल के 6 जिलों में बर्फबारी होगी और 4 जिलों में बारिश ड्राई स्पेल के चक्र को तोड़ेगा।

Tags :